
बिहार चुनाव से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पटना के दौरे पर हैं। इस दौरान राजनाथ सिंह ने
भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश फूंका और उनको जीत का मंत्र दिया। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी
की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा में हर कोई कार्यकर्ता की भावना से काम करता
है, चाहे वह किसी भी पद पर हो। यही हमारी पार्टी की मजबूती का आधार है और इसी का परिणाम है
कि भाजपा आज पूरे विश्व में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। रक्षा मंत्री ने कहा
कि यह केवल एक संगठन की बैठक नहीं है, बल्कि उस संकल्प की पूर्ति के लिए एक संकल्प सभा है
जिसे हमें बिहार और भारत दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लेना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री
मोदी ने पिछले 11 वर्षों में दिखाया है कि भारत बदल सकता है और आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व मजबूत
हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि हो। हमें बिहार के हर निवासी के दिल में यही विश्वास
जगाना है। राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियों का एक ही उद्देश्य है, सत्ता में बने रहना।
जबकि भाजपा का उद्देश्य भारत के हर नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है…ऐसी नीतियां
बनाना है जिसमें समाज के हर वर्ग का विकास हो। सभी को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले,
यह भी हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी
सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
NDA ही लौटा सकता है बिहार का खोया गौरव : राजनाथ
राजनाथ ने कहा कि लालूजी के मुख्यमंत्री रहते समय कर्पूरी जी की विरासत और मूल्यों दोनों को
हाशिए पर डाल दिया गया। यहाँ तक की न कोई स्मृति स्थल, न कोई ठोस योजना उनके नाम पर,
न कोई विचारधारा का प्रचार। मोदी जी ने न सिर्फ कर्पूरी जी का नाम नई पीढ़ी को फिर से याद दिलाया,
बल्कि उनकी जीवन शैली और सिद्धांतों को 21वीं सदी की राजनीति का आदर्श बनाया। लालू यादव पर
निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महापुरुषों का अपमान करना कुछ दलों की आदत बन चुकी है।
सम्मान देना तो दूर, उन्हें अपनी राजनीति की चौखट पर बिछा देना ही इनकी शैली है। उन्होंने कहा
कि हाल ही में देश की अंतरात्मा को झकझोर देने वाला एक दृश्य वायरल हुआ, जिसमें लालू जी के
जन्मदिन समारोह में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लालू यादव जी के पैरों के पास रखी
गई। आरजेडी जैसे दल बाबासाहेब की तस्वीर ही नहीं उनके विचारों को भी कोई मोल नहीं देते हैं।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी बाबासाहेब और उनके दिए मूल्यों को अपने दिल में बसाती है। भाजपा
की सरकार ने बाबासाहब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया है।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आरजेडी और कांग्रेस ने मिलकर बिहार को पिछड़ेपन, बेरोज़गारी और
अपराध की गर्त में धकेला। उन्होंने सत्ता को जनसेवा का माध्यम नहीं, परिवार सेवा का साधन बना दिया।