
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने लगातार अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में हैं।
इसी बीच कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। कंगना ने कहा कि
भाजपा और आरएसएस की विचारधारा सनातन, राष्ट्रवाद, वसुधैव कुटुम्बकम पर आधारित
है जिसका हम लंबे समय से पालन करते आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि 2014 से पहले बहुत
सारे घोटाले होते थे – 2जी घोटाला, कोयला घोटाला, चारा घोटाला। लेकिन 2014 के बाद से
पीएम मोदी पर एक भी दाग नहीं है। ‘चांद पर दाग होता है, उन पर एक भी दाग नहीं है’।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद
कंगना रनौत ने कहा था कि पूरे देश में पीएम मोदी और भगवा की लहर है। लेकिन हिमाचल
प्रदेश की हालत देखकर दुख होता है। उनकी एजेंसियां समोसे की जांच कर रही हैं। जो हो
रहा है उससे हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हमें अपने
राज्य को प्रगति के पथ पर ले जाना है। हमें अपने राज्य को इन ‘भेड़ियों’ के पंजे से
मुक्त कराना है।
PM Modi को लेकर बोलीं कंगना रनौत
आपको बता दें कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है जिसका नेतृत्व सुखविंदर सिंह
सुक्खू कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई साधारण इंसान
नहीं बल्कि एक अवतार हैं। मैं 2014 से पहले वोट देने भी नहीं गई थी। उन्होंने कहा
कि इससे पहले हम भी राजनीति को दुर्भाग्य समझते थे और नेताओं को लेकर लोगों
में काफी नफरत थी। रनौत ने कहा कि पहले सब खा रहे थे और देश को बर्बाद कर रहे
थे। कंगना ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र
के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर भी
उन्होंने तीखा हमला बोला। उन्होंने विक्रमादित्य पर हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव
में अपनी हार को स्वीकार न कर पाने का आरोप लगाया और उनके राजनीतिक व्यवहार
की आलोचना की। विक्रमादित्य ने हाल ही में सुंदरनगर के अपने दौरे के दौरान कंगना
पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह लंबे समय से अपने संसदीय क्षेत्र से गायब हैं।
विक्रमादित्य और उनकी मां व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दोनों पर निशाना
साधते हुए कंगना ने कहा, “राजनीति में प्रतिस्पर्धा होती है, लेकिन इसकी भी सीमाएं
होती हैं। किसी को बार-बार दूसरों पर कीचड़ नहीं उछालना चाहिए और न ही अपशब्दों
का इस्तेमाल करना चाहिए।”