
अमेरिकी राष्ट्रपति ने की पाकिस्तान आर्मी चीफ मुनीर के साथ लंच
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मुनीर ने व्हाइट हाउस में दोपहर के
भोजन पर राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की। यह तुरंत पता नहीं चल पाया
कि ट्रंप और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर के बीच बैठक में क्या बात
हुई। ट्रंप, इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने
के बीच जी7 शिखर सम्मेलन के लिए कनाडा के कनैनिस्किस की अपनी
यात्रा को बीच में ही छोड़कर मंगलवार सुबह वाशिंगटन लौट आए।
इससे पहले एक आधिकारिक परामर्श में कहा गया था कि ट्रंप दोपहर
एक बजे व्हाइट हाउस के कैबिनेट कक्ष में पाकिस्तानी सेना प्रमुख की
दोपहर के भोजन पर मेजबानी करेंगे। दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के दौरान ट्रंप ने उनसे पूछा कि
क्या वह कनाडा से लौटते समय अमेरिका में रुक सकते हैं। इस बारे में
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘‘पूर्व निर्धारित
व्यस्तताओं के कारण’’ ऐसा करने में अपनी असमर्थता व्यक्त की।
फोन पर बातचीत में मोदी ने ट्रंप से कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता
के बिना दोनों सेनाओं के बीच सीधी बातचीत के बाद भारत और
पाकिस्तान ने पिछले महीने अपनी सैन्य गतिविधियां रोक दी थीं।
मिसरी ने कहा कि मोदी ने दृढ़ता से कहा कि भारत मध्यस्थता को
‘‘कभी स्वीकार नहीं करेगा’’ तथा सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए
भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं के बीच चर्चा इस्लामाबाद के
अनुरोध पर शुरू की गई थी। प्रधानमंत्री का यह बयान ट्रंप की ओर
से लगातार किए गए इस दावे की पृष्ठभूमि में आया है कि उन्होंने
भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम समझौते में मध्यस्थता
की थी।मुनीर को यह निमंत्रण अमेरिका द्वारा किसी सेवारत
पाकिस्तानी सेना प्रमुख को दिया गया एक दुर्लभ संकेत माना
जा रहा है।