जेल में ये किताबें पढ़ना चाहते हैं दिल्ली सीएम
सीएम केजरीवाल के वकील ने कोर्ट से ईडी की 15 दिनों की न्यायिक हिरासत के
दौरान तीन किताबें पढ़ने की अनुमति मांगी है। दिल्ली सीएम ने जिन तीन किताबों
को पढ़ने की अनुमति मांगी है, उनमें भगवद्गीता, रामायण और नीरजा चौधरी की
‘हाऊ प्राइमिनिटर्स डिसाइड’ शामिल है।
केजरीवाल को 15 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया
रिमांड अवधि समाप्त होने पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सोमवार को केजरीवाल को
राउज एवेन्यू की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष पेश किया। इससे पहले
अदालत ने 28 मार्च को केजरीवाल की चार दिन की रिमांड बढ़ा दी थी। साथ ही यह
भी सवाल है कि क्या ईडी के बाद अब सीबीआई उन्हें रिमांड पर लेने के लिए अदालत
के समक्ष आवेदन दाखिल करेगी।
इससे पहले 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए केजरीवाल को ईडी ने 22 मार्च को अदालत
में पेश किया था और अदालत ने केजरीवाल को छह दिन की ईडी कस्टडी में भेज दिया था।
100 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप
ईडी का आरोप है कि आबकारी नीति में बदलाव के बदले केजरीवाल ने दक्षिण समूह के
शराब व्यापारियों से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी और उक्त धनराशि का
इस्तेमाल गोवा व पंजाब विधानसभा में खर्च किया गया था। ईडी की गिरफ्तारी व ईडी
कस्टडी को केजरीवाल ने हाई कोर्ट में चुनौती है और मामले पर तीन अप्रैल को सुनवाई
होनी है। इस मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह
पहले से न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।
