
नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ में 50 नक्सलियों के आत्मसमर्पण
की सराहना की और कहा कि जो लोग हथियार छोड़कर विकास का रास्ता अपनाएंगे, उनका पुनर्वास
किया जाएगा। शाह ने शेष नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण के लिए आगे आने और हथियार छोड़कर
मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की।शाह ने कहा, ‘‘31 मार्च 2026 के बाद देश में नक्सलवाद
इतिहास बन जाएगा, यह हमारा संकल्प है।’’ उन्होंने हिंदी में एक्स पर लिखा, ‘‘यह बहुत हर्ष का
विषय है कि बीजापुर (छत्तीसगढ़) में 50 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया।
हिंसा और हथियार छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने वालों का मैं स्वागत करता हूं।’’
छत्तीसगढ़ में 50 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति स्पष्ट है कि जो भी नक्सली हथियार छोड़कर विकास का
मार्ग अपनाएंगे, उनका पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में
रविवार को 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें 14 नक्सलियों पर कुल 68 लाख रुपये
का इनाम घोषित था।पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 50 नक्सलियों में से छह पर
आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था, जबकि तीन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। पांच अन्य
पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर
फाइटर्स, विशेष कार्य बल (एसटीएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और इसकी विशिष्ट
इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन) ने उनके आत्मसमर्पण में
महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।