
बिहार में बाढ़ से तबाही 16 जिलें प्रभावित
अधिकारियों के अनुसार, कल रात बाढ़ के कारण उफनती कोसी नदी ने किरतपुर प्रखंड
के पास अपने तटबंध तोड़ दिये, जिससे किरतपुर और घनश्यामपुर प्रखंड के एक दर्जन
से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड के
रूपौली गांव के समीप कल रात बागमती नदी के तटबंध टूट गये और एक स्थान पर
पानी का रिसाव होने लगा। इस बीच शिवहर जिले के तरियानी छपरा गांव के पास
रविवार की शाम बागमती के पश्चिमी तटबंध टूटने से तरियानी छपरा सहित आसपास
के गांवों में पानी भर गया। बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार
को कहा कि घबराने की बात नहीं है… स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जल संसाधन विभाग
और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं और चौबीसों घंटे काम
कर रहे हैं। अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों से तटबंधों में दरार की कुल छह घटनाएं
सामने आई हैं। उनमें से कुछ की मरम्मत पहले ही हो चुकी है और कुछ जगहों पर मरम्मत
का काम जारी है। राज्य के बाढ़ से प्रभावित जिलों में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी,
शिवहर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, जहानाबाद, मधुबनी,
अररिया, पूर्णिया, कटिहार और भोजपुर आदि शामिल हैं।