
भारत से निकला शेख हसीना का विमान
बांग्लादेश में हिंसा के बीच भारत पहुंचीं शेख हसीना का मिलिट्री प्लेन हिंडन एयरबेस से
बांग्लादेश लौट गया है। विमान में हसीना मौजूद नहीं थीं। दरअसल, प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा
देने के बाद शेख हसीना सोमवार (5 अगस्त) को भारत पहुंची थीं। वे फिनलैंड जा सकती हैं।
पहले ये खबर आई थी कि शेख हसीना पहले दिल्ली आएंगी फिर यहां से वो लंदन जाएंगी।
लेकिन अब खबर है कि शेख हसीना फिनलैंड जा सकती हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने
सर्वदलीय बैठक में बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी और सभी दलों के
सर्वसम्मत समर्थन के लिए उनकी सराहना की। एक्स पर पोस्ट में जयशंकर ने संसद
भवन में हुई बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं। विदेश मंत्री ने लिखा कि आज संसद में एक
सर्वदलीय बैठक में बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान
जताए गए सर्वसम्मत समर्थन और तालमेल के लिए सभी दलों की सराहना करता हूं।
बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना के अचानक
इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से वहां अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। हसीना
सोमवार रात बांग्लादेशी वायुसेना के एक सी-130 जे सैन्य विमान से भारत पहुंचीं।