
रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की हालिया अदला-बदली
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अदला-बदली के तहत 150 रूसी सैनिकों को कैद से मुक्त
किया गया। प्रत्येक पक्ष ने 150 लोगों को रिहा किया, हालांकि संख्या में अंतर का कारण तुरंत
स्पष्ट नहीं हो पाया। ज़ेलेंस्की ने एक बयान में कहा, ‘‘हम सभी को रूसी कैद से मुक्त कराने के
लिए काम कर रहे हैं। हम किसी को नहीं भूलते।’’ उन्होंने बस में बैठे यूक्रेनी सैनिकों की तस्वीरें
पोस्ट कीं, जिनमें से कुछ ने देश के नीले और पीले रंग के झंडे पकड़े हुए थे।ज़ेलेंस्की ने कहा कि
रूसी कैद से मुक्त हुए लोगों में ओडेसा के काला सागर बंदरगाह के पास स्नेक द्वीप के रक्षक
शामिल थे, जिस पर रूस ने अपने आक्रमण के शुरुआती दिनों में कब्ज़ा कर लिया था। साथ ही
इनमें वे सैनिक भी शामिल थे जिन्होंने मारियुपोल शहर की रक्षा की थी। मारियुपोल शहर पर
लगभग तीन महीने की घेराबंदी के बाद युद्ध के आरंभ में मास्को की सेना ने कब्ज़ा कर लिया
था। ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘‘रूसी कैद से हमारे लोगों की वापसी हम सभी के लिए हमेशा बहुत
अच्छी खबर होती है। आज हमारी टीम 189 यूक्रेनी लोगों को घर वापस लाने में कामयाब
रही।’’मॉस्को में, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी सैनिकों को पहले रूस के पड़ोसी और सहयोगी
बेलारूस के क्षेत्र में ले जाया गया, जहाँ उन्हें रूस जाने से पहले ‘‘मनोवैज्ञानिक और चिकित्सा
सहायता’’ दी गयी। रूस और यूक्रेन ने लगभग तीन साल के युद्ध के दौरान दर्जनों बार इस
प्रकार कैदियों का आदान-प्रदान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को ही
घोषणा की कि उनका देश यूक्रेन को लगभग 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर के अतिरिक्त हथियार
भेजेगा।