
अगले साल के लिए अपनी उम्मीदों को कुछ कम करें शेयर बाजार निवेशक
मुंबई । कई साल के तेजड़िया दौर के बाद अब इक्विटी निवेशकों को वर्ष 2025 में अपने रिटर्न या प्रतिफल
की उम्मीदों को कुछ कम करने की जरूरत है। एक घरेलू ब्रोकरेज कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही
है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने कहा कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला निफ्टी वर्ष 2025
के अंत में 26,482 अंक पर रहने की उम्मीद है, जो बृहस्पतिवार के 23,951.70 अंक के बंद स्तर से 10
प्रतिशत से अधिक की छलांग है।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी धीरज
रेली ने कहा कि 2025 में किसी भी अन्य परिसंपत्ति वर्ग की तुलना में शेयरों का प्रदर्शन बेहतर होगा,
और भारत की दीर्घकालिक कहानी भी बरकरार है। रेली ने कहा, ‘‘अबतक कई वर्षों से, बाजारों ने उच्च
लाभ सुनिश्चित किया है। नए साल में, निवेशकों को अपनी उम्मीदों को कम करना होगा।’’ रेली ने कहा
कि बाजार में अधिकांश निवेशक वे हैं, जिन्होंने वर्ष 2020 के बाद बाजार में प्रवेश किया है और उन्होंने
अपनी निवेश यात्रा में कभी भी तेज गिरावट नहीं देखी है।