
चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ-साथ
उत्तर प्रदेश में उपचुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की। हालाँकि, विधानसभा सीटों के लिए
10 सीटों में से, चुनाव आयोग ने केवल नौ के लिए तारीखों की घोषणा की, जिसमें अयोध्या
की मिल्कीपुर सीट को छोड़ दिया गया। अयोध्या में भाजपा की हार के बाद इस सीट पर
सबकी नजर थी। दोनों ओर से इसको लेकर लगातार तैयारी भी की जा रही है। मिल्कीपुर
में चुनाव की घोषणा क्यों नहीं की गई, इसका जवाब देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव
कुमार ने कहा कि जिन सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है, वे वे
सीटें हैं जिनके मामले अदालत में हैं। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर उपचुनाव की तारीखों
का ऐलान नहीं हुआ है, उन सीटों को लेकर चुनाव याचिका कोर्ट में दायर की गई है।
दरअसल, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने 2022 विधानसभा चुनाव में हारने के बाद
हाई कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है। ये याचिका सपा के अवधेश प्रसाद के चुनाव
जीतने को लेकर दायर की थी। मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है। हालांकि, अब खबर
आ रही है कि गोरखनाथ बाबा एक-दो दिन में अपनी याचिका वापस लेंगे। मिल्कीपुर
सीट पर कार्यक्रम घोषित नहीं होने पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तीखी प्रतिक्रिया
व्यक्त की है। निर्वाचन आयोग द्वारा अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट का कार्यक्रम
घोषित नहीं किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया
ने सवालिया निशान लगाया। भदौरिया ने कहा, ‘‘जब नौ सीट पर चुनाव हो रहे हैं तो
10वीं मिल्कीपुर सीट पर क्यों चुनाव नहीं हो सकते हैं? राज्य सरकार ने निर्वाचन
आयोग को क्या रिपोर्ट दी है? यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।’’
अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर क्यों नहीं हो रहे उपचुनाव
सपा प्रमुख एवं मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से विधायक अखिलेश यादव के कन्नौज,
मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र से सपा विधायक जियाउर्रहमान के संभल, आंबेडकर
नगर जिले की कटेहरी विधानसभा सीट से विधायक लालजी वर्मा के आंबेडकरनगर,
अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट से सपा विधायक अवधेश प्रसाद के फैजाबाद
(अयोध्या) से लोकसभा के सदस्य चुने जाने के बाद ये सीट रिक्त हो गई हैं। कानपुर
की सीसामऊ सीट से विधायक इरफान सोलंकी को सजा सुनाये जाने की वजह यह
सीट रिक्त घोषित है। इसके अलावा बिजनौर जिले की मीरापुर सीट से राष्ट्रीय लोकदल
के विधायक चंदन चौहान (बिजनौर), गाजियाबाद सदर से भाजपा विधायक अतुल
गर्ग (गाजियाबाद)] अलीगढ़ जिले के खैर क्षेत्र से भाजपा विधायक अनूप वाल्मीकि
(हाथरस), प्रयागराज के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रवीण पटेल
(फूलपुर), मिर्जापुर के मझवां क्षेत्र के निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद)
के विधायक विनोद कुमार बिंद (भदोही) के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद से
विधानसभा की ये सीट रिक्त हैं। फैजाबाद लोकसभा सीट से अवधेश प्रसाद ने भारतीय
जनता पार्टी के लल्लू सिंह को हरा जीत दर्ज की थी और सिंह को तीसरी बार जीतने
से रोक दिया। चुनाव से पहले 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में नवनिर्मित राम
मंदिर में श्री रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने से पूरे देश की निगाहें इस
सीट के चुनाव पर थीं।