
बारिश के कारण मुंबई में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल कई राज्यों में
भारी बारिश जारी रहेगी। पूरे देश को फिलहाल मानसून ने अपने कब्जे में ले रखा है और ज्यादातर जगहों पर
मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में यूपी-बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में कई जगहों पर गंभीर
स्थिति बनी हुई है। पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाओं में इजाफा हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों में स्थानीय नदियों
के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने की वजह से कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। राहत के रूप में आई बारिश
अब आफत बनती जा रही है। मौसम की मार इस सप्ताह भी जारी रहने के आसार हैं। आईएमडी यानी भारत मौसम
विज्ञान विभाग ने बताया कि पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक बारिश का भीषण दौर आने वाले करीब पांच
दिनों तक जारी रह सकता है।
अगले पांच दिन का मौसम
आईएमडी ने बुधवार को बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, मध्य भारत, उत्तर प्रदेश, जम्मू- कश्मीर,
लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान में हल्की से मध्यम
बारिश हो सकती है। हरियाणा और विदर्भ में बुधवार यानी 10 जुलाई और मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में
13 जुलाई तक भारी बारिश के आसार हैं।उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई तक,
पूर्वी राजस्थान में 10 और 11 जुलाई, छत्तीसगढ़ में 11 और 13 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार,
झारखंड और ओडिशा में भी बारिश हो सकती है। झारखंड में 12 और 13, ओडिशा में 13 जुलाई,
बिहार में 13 जुलाई तक बहुत भारी बारिश हो सकती है।