
पीएम मोदी से मिले झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन
अपनी गिरफ्तारी को लेकर हेमंत सोरेन लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावा
रहे हैं। वह भाजपा पर आदिवासियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा।
हालांकि इन सब के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है। मुलाकात की
तस्वीर साझा करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि यह ‘प्रधानमंत्री के साथ शिष्टाचार
मुलाकात’ थी। कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय
(ईडी) द्वारा 31 जनवरी को गिरफ्तारी से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के
कार्यकारी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लगभग पांच महीने
जेल में बिताने के बाद, उन्हें जमानत मिल गई और 4 जुलाई को फिर से मुख्यमंत्री
बन गए। झारखंड उच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत देते हुए कहा है कि प्रथम दृष्टया
वह अपराध के लिए दोषी नहीं हैं और इस बात की कोई संभावना नहीं है कि जमानत
पर रहते हुए वह कोई अपराध करेंगे। ऐसी खबर है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव
तय समय से दो महीने पहले अक्टूबर में हो सकते हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा
चुनाव एक ही समय पर होने हैं। इन दोनों राज्यों में चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को अपडेट
और संशोधित करने की प्रक्रिया जिस शेड्यूल के तहत चल रही है, उसी शेड्यूल का पालन
झारखंड में भी किया जा रहा है। इस आधार पर संकेत मिल रहे हैं कि झारखंड में भी
चुनाव इन दोनों राज्यों के साथ होंगे।