
अमेरिका से लौटे भारतीयों की आपबीती सुनकर मन भर आयेगा
जो लोग अमेरिका से वापस आये हैं उनमें से एक पंजाब के गुरदासपुर जिले के हरदोरवाल गांव के
रहने वाले 36 वर्षीय जसपाल सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को अमेरिकी सीमा पार करने के बाद
उन्हें अमेरिकी सीमा गश्ती दल ने पकड़ लिया था। अपने गृह नगर पहुंचने के बाद जसपाल ने बताया
कि एक ट्रैवल एजेंट ने उनके साथ धोखाधड़ी की है, क्योंकि उनसे वादा किया गया था कि उन्हें
कानूनी तरीके से अमेरिका भेजा जाएगा। जसपाल ने कहा, “मैंने एजेंट से कहा था कि वह मुझे
उचित वीजा (अमेरिका के लिए) के साथ भेजे। लेकिन उसने मुझे धोखा दिया।” उन्होंने बताया
कि सौदा 30 लाख रुपए में हुआ था। जसपाल ने दावा किया कि वह पिछले साल जुलाई में हवाई
जहाज से ब्राजील पहुंचा था। उसने कहा कि वादा किया गया था कि अमेरिका की अगली यात्रा
भी हवाई जहाज से ही होगी। हालांकि उसके एजेंट ने उसे “धोखा” दिया, जिसने उसे अवैध रूप
से सीमा पार करने के लिए मजबूर किया। ब्राजील में छह महीने रहने के बाद वह सीमा पार कर
अमेरिका चला गया, लेकिन अमेरिकी सीमा गश्ती दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जसपाल ने
बताया कि उसे वहां 11 दिनों तक हिरासत में रखा गया और फिर वापस घर भेज दिया गया।
जसपाल ने कहा कि उसे नहीं पता था कि भारत भेजा जा रहा है। उसने दावा किया, “हमने
सोचा कि हमें किसी दूसरे शिविर में ले जाया जा रहा है। फिर एक पुलिस अधिकारी ने हमें
बताया कि भारत ले जाया जा रहा है। हमें हथकड़ी लगाई गई और पैरों में बेड़ियां डाल दी गईं।
इन्हें अमृतसर हवाई अड्डे पर खोला गया।” जसपाल ने कहा कि निर्वासन से वह टूट गए हैं।
“बड़ी रकम खर्च हुई। पैसे उधार लिए गए थे।”