
वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में भारत के एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल
ने प्रमुख अमेरिकी सांसदों और अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें हाल ही में हुए पहलगाम
आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी।
यात्रा के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ के साथ एक
महत्वपूर्ण बैठक की। अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने कांग्रेस सांसद शशि
थरूर के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ
लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।यह प्रतिनिधिमंडल पहलगाम आतंकवादी हमले
और ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के रुख से अवगत कराने के लिए अमेरिका आया है। भारतीय
प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को यहां लैंडाउ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख वार्ताकारों
को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले
के बाद इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी
ढांचे को निशाना बनाया गया था।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है अमेरिका
पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच
‘एक्स’ पर कहा, ‘‘डॉ. शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल की अमेरिकी
उप विदेश मंत्री लैंडाउ के साथ अच्छी और स्पष्ट बातचीत हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने
उन्हें पहलगाम आतंकवादी हमले की क्रूरता और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी दी।
’’ लैंडाउ ने ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ के जरिए कहा कि भारतीय संसदीय प्रतिनिधियों के साथ
यह बैठक ‘‘शानदार’’ थी।उन्होंने कहा, ‘‘मैंने फिर से पुष्टि की कि अमेरिका आतंकवाद के
खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। हमने दोनों देशों में विकास और समृद्धि
को बढ़ावा देने के लिए व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों का विस्तार करने समेत अमेरिका-
भारत रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की।’’ विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस द्वारा जारी एक
बयान में कहा गया कि लैंडाउ ने ‘‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और दोनों देशों के बीच
रणनीतिक साझेदारी में भारत के लिए अमेरिका के मजबूत समर्थन की पुष्टि की।’’
बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने दोनों देशों में आर्थिक विकास और समृद्धि को
बढ़ावा देने के लिए व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों का विस्तार करने समेत प्रमुख
क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के महत्व पर लैंडाउ के साथ चर्चा की।