
इमरान की पार्टी ने चुनाव में कथित धांधली को लेकर मनाया ‘काला दिवस
स्वाबी में रैली को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष बैरिस्टर गौहर खान ने कहा कि इमरान खान के बिना
पाकिस्तान की राजनीति अधूरी है और उन्होंने सरकार से ‘जनादेश चोरों’ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ
दर्ज ‘मनगढ़ंत मामलों’ को खारिज करने का आग्रह किया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन
गंडापुर ने सेना प्रमुख को भेजे संदेश में कहा कि प्रांत में आतंकवाद है और आतंकवाद के खिलाफ युद्ध
जीतने के लिए एकता जरूरी है।पिछले वर्ष 26 नवंबर और नौ मई 2023 की घटनाओं में सरकार की
कथित संलिप्तता पर बात करते हुए गंडापुर ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी इन मामलों की जांच के
लिए न्यायिक आयोग गठित करने से डरती है। इमरान की पार्टी के कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल
तक पहुंचने से रोकने के लिए कार्यक्रम स्थल के अंदर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
किया गया था। पुलिस ने समूहों में प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पार्टी के
उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी की बेटी मेहर बानो कुरैशी सहित कई कार्यकर्ताओं को मुल्तान शहर में
गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने कथित तौर पर चुराए गए जनादेश के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ
मिलकर ‘‘कठपुतली सरकार’’ के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुल चट्टा में धारा 144 का उल्लंघन करने के
आरोप में जाहिद बहार हाशमी और दलीर मेहर को भी गिरफ्तार किया गया। इमरान की पार्टी ने कहा
कि सेना और मौजूदा शासकों ने पिछले साल आठ फरवरी के आम चुनावों में लोगों के जनादेश को
चुराया था। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता मलिक अहमद खान भछार ने कहा कि वर्तमान में
सत्ता में मौजूद पार्टी ने चुनाव जीतने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाए और पाकिस्तान
तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रतिद्वंद्वियों को विजेता घोषित कर दिया जबकि वे हार रहे थे।