
दिल्ली-NCR में प्रदूषण को लेकर SC ने मांगा स्पष्टीकरण
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता की निगरानी और प्रदूषण पर
लगाम लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने में विफल रहने के लिए केंद्रीय वायु गुणवत्ता पैनल
को कड़ी फटकार लगाई। जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस एजी मसीह की पीठ ने वायु
गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) से प्रदूषण और पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए
उठाए गए कदमों के बारे में पूछा। न्यायालय ने प्रदूषण और पराली जलाने के मामले से
निपटने के लिए गठित वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को फटकार लगाते हुए कहा कि उसे
और अधिक सक्रिय होने की जरूरत है।
गुजरात सरकार पर कमेंट हटाने से SC का इनकार
बिलकिस बानो केस में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को गुजरात सरकार को झटका दिया। कोर्ट ने
सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें बिलकीस बानो मामले में राज्य के
खिलाफ की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर फैसले की समीक्षा करने का अनुरोध किया गया
था। दरअसल, इसी साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के 2002 के दंगो के दौरान
बिलकिस बानो से रेप और उनके परिजनों की हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे 11
दोषियों की रिहाई के गुजरात सरकार के फैसले को खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस
दौरान राज्य सरकार के खिलाफ कुछ टिप्पणी भी की थी। सुप्रीम कोर्ट में गुजरात सरकार ने
अर्जी दाखिल कर टिप्पणियों को हटाने की गुहार लगाते हुए रिव्यू पिटिशन फाइल की थी।