
उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए
कहा, ‘‘हमने झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए लड़ाई लड़ी और हम अपने
अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए भी लड़ेंगे। झारखंड आदिवासियों का है, इसलिए
यहां आदिवासी ही राज करेंगे।’’साल 2011 की जनगणना के अनुसार, झारखंड की
कुल जनसंख्या 32,988,134 है। इनमें से 26.21 प्रतिशत (8,645,042) आदिवासी
हैं। रघुबर दास को छोड़कर, 2000 में बने राज्य के सभी मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय
से थे।सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता के सहयोग से अच्छा काम किया है
और भविष्य में भी ऐसा ही करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया, ‘‘सीबीआई और
ईडी के साथ मिलकर भाजपा मुझे डरा रही है और झूठे आरोपों के लिए मुझे जेल भी
भेजा। लेकिन मैं झारखंड की धरती का बेटा हूं। मैं न तो डरता हूं और न ही कभी झुकता
हूं।’’प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में 31 जनवरी
को सोरेन को गिरफ्तार किया था, हालांकि उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद
उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया था। झारखंड की 81 विधानसभा सीट के लिए दो चरण
में 13 नवंबर और 20 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि परिणाम 23 नवंबर को घोषित
किए जाएंगे।