
पीएम मोदी नमो ऐप के माध्यम से तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं
के साथ वार्ता की है। उन्होंने इस दौरान कहा कि भाजपा तमिलनाडु के
सभी कार्यकर्ता बहुत लंबे समय से वास्तव में अच्छा काम कर रहे हैं।
उन्होंने एनाथु बूथ, वलिमैयाना बूथ अभियान का भी जिक्र किया।
पीएम ने कहा कि इसका मतलब है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत है। यह
कार्यक्रम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ेगा और हमें एक-दूसरे से
सीखने में मदद करेगा।
मुझे लोगों का आशीर्वाद मिला
उन्होंने कहा कि वैसे तो मैं जब भी तमिलनाडु आता हूं तो अपनी
बात वणक्कम से शुरू करता हूं, लेकिन आज का वणक्कम मेरे
लिए बहुत खास है, क्योंकि जब एक कार्यकर्ता दूसरे कार्यकर्ता
का स्वागत वणक्कम से करता है तो कार्यकर्ताओं में अपनेपन
का एहसास होता है। कोई भी व्यक्ति हो जब भी वह अपने स्कूल
के दोस्तों से मिलता है, तो 25 या 30 साल बाद भी कोई छोटा
या बड़ा नहीं होता, सभी एक-दूसरे से खुशी-खुशी मिलते हैं।
इसी तरह जब कार्यकर्ताओं से जुड़ा कोई कार्यक्रम होता है तो मैं
भी खुशी से भर जाता हूं। मैंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा आप
सभी की तरह एक कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और यही
कारण है कि आज मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। पीएम
मोदी ने कहा कि लोकसभा के लिए जैसे-जैसे चुनाव अभियान
आगे बढ़ रहा है, उम्मीदवार तय हो गए हैं और मुद्दे स्पष्ट हैं।
जब मैं पिछली बार सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए तमिलनाडु
गया था, तो मुझे लोगों का आशीर्वाद मिला और इससे मुझे
बहुत खुशी हुई। मैं कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत देख रहा हूं
और मुझे ऐसे कार्यकर्ताओं पर गर्व है।
तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं से PM मोदी ने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि भाजपा
महिला नेतृत्व वाले विकास के मॉडल पर काम कर रही है। हमारी प्रतिबद्धता
भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की है। महिलाएं
इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुझे खुशी है कि भाजपा की महिला
कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर रही हैं।इस दौरान उन्होंने ड्रग्स को लेकर भी बात
की। उन्होंने इसके दुष्परिणाम के बारे में भी बात की। ड्रग्स हमारे बच्चों और
हमारे परिवारों के जीवन को बर्बाद कर देगा। पिछले दिनों में जितनी भी
नशीली दवाओं का जखीरा जब्त किया गया है, वह कहीं न कहीं इसके गॉडफादर
से जुड़ा हुआ है। तमिलनाडु के लिए, यह बहुत चिंता का विषय है और इसलिए
आप सभी को लोगों को यह भी बताना चाहिए कि हमें अपने परिवारों, अपने
बच्चों और अपनी आने वाली पीढ़ियों को बचाना है। तमिलनाडु में जो नशीले
पदार्थ प्रवेश कर रहे हैं, उनके खिलाफ लड़ने के लिए भाजपा ही काफी है।