
दिल्ली एयरपोर्ट पर भारत की पहली एयर ट्रेन चलेगी
टर्मिनलों के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों के लिए एयर ट्रेनों का उपयोग
विश्व स्तर पर लंबे समय से किया जा रहा है। ये सुविधा एयरपोर्ट पर निःशुल्क है। यह मूलतः
एक मोनोरेल है जो यात्रियों को सुचारू और परेशानी मुक्त सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विश्व
भर में कई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों के टर्मिनलो के बीच चलती है। यात्री एक टर्मिनल से दूसरे
टर्मिनल तक यात्रा करने के लिए इस कनेक्शन का उपयोग करते हैं। खासतौर से ट्रांजिट उड़ानों
के दौरान इनका उपयोग अधिक होता है। एयरट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर बहुत कम समय में
पहुंचती और रवाना होती है। दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हर वर्ष 7 करोड़ से अधिक यात्रियों का
आवागमन होता है। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि दिल्ली हवाई अड्डा भारत का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।
दिल्ली हवाईअड्डा अब अगले 6-8 वर्षों में अपनी क्षमता को दोगुना करके 13 करोड़ करने की योजना बना रहा है।
ऐसे में एयरपोर्ट पर हवाई ट्रेन की आवश्यकता काफी अधिक है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, यह अनुमान लगाया गया
है कि लगभग 25% यात्री ट्रांजिट यात्री होंगे और इसलिए उन्हें टर्मिनलों के बीच निर्बाध स्थानान्तरण की
आवश्यकता होगी। विशेषज्ञों का यह भी सुझाव है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर आने वाले भारी यातायात को
केवल हवाई ट्रेन द्वारा ही प्रबंधित किया जा सकता है।