
राहुल गांधी आज भी नहीं करेंगे दिल्ली में कोई रैली
देवेंद्र यादव ने विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए आने वाले दिनों में राहुल गांधी और पार्टी
सांसद प्रियंका गांधी के व्यस्त कार्यक्रम का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के बाद,
पार्टी नेता दिल्ली में अभियान तेज करने जा रहे हैं। आप और भाजपा के बीच मिलीभगत का
आरोप लगाते हुए यादव ने कहा कि जब कांग्रेस रैली नहीं करती तो ‘बड़े भाई’ कहते हैं कि हम
‘छोटे भाई’ की मदद कर रहे हैं जबकि ‘छोटे भाई’ का आरोप है कि ‘हम ‘बड़े भाई’ के खिलाफ
उनकी लड़ाई का समर्थन नहीं कर रहे हैं। इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के निकट प्रस्तावित इस
जनसभा को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पार्टी के कुछ अन्य
नेताओं ने संबोधित किया। सदर बाजार से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल
भारद्वाज उम्मीदवार हैं। देवेंद्र यादव ने जनसभा में कहा, ‘‘राहुल जी तबियत खराब होने
के कारण यहां नहीं पहुंच सकेंगे।’’ उन्होंने राहुल गांधी का संदेश पढ़ा जिसमें कांग्रेस के
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि तबीयत ठीक होने के बाद वह लोगों से मिलेंगे तथा उन्होंने
मतदाताओं से कांग्रेस का समर्थन करने का आह्वान किया। राहुल गांधी पिछले कुछ
दिनों से अस्वस्थ हैं। इसके कारण उन्हें पिछले दिनों नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में
प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था और 21 जनवरी को कर्नाटक के बेलगावी
में कांग्रेस की ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली’ में भी वह शामिल नहीं हो सके
थे। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी आने वाले दिनों में दिल्ली में कई जनसभाओं को
संबोधित करने के साथ ही रोडशो और पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं।