
रिवाल्वर कांड के बाद गोविंदा की तबीयत को लेकर आया अपडेट
एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दया नायक की अगुवाई में अपराध
शाखा के एक दल ने मंगलवार को अस्पताल का दौरा किया और अभिनेता से घटना के
बारे में बातचीत की। उन्होंने बताया कि गोविंदा घटना के वक्त मंगलवार तड़के अपने
आवास पर अकेले थे। उन्होंने बताया कि अभिनेता के पास वेबले कंपनी की लाइसेंसी
रिवॉल्वर है और गोली उन्हें बाएं घुटने के समीप लगी। अधिकारी ने बताया कि रिवॉल्वर
पुरानी थी, लॉक नहीं थी और उससे दुर्घटनावश गोली चल गयी।एक अधिकारी ने पहले
बताया था कि पुलिस अधिकारियों ने जांच के लिए अभिनेता की रिवॉल्वर को कब्जे में
ले लिया है। अपनी बेहतरीन हास्य और नृत्य कला के लिए दर्शकों के दिलों में जगह
बनाने वाले गोविंदा ने घटना के बाद में एक बयान जारी करते हुए प्रशंसकों को सूचित
किया कि अब वह बेहतर महसूस कर रहे हैं। 1980 और 1990 के दशक में फिल्मी पर्दे
पर राज करने वाले अभिनेताओं में से एक गोविंदा चार दशकों के अपने करियर में 165
से अधिक हिंदी फिल्मों में नजर आए। लोकसभा चुनाव से एक महीने पहले मार्च में वह
एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में शामिल हो गए थे। वह करीब दो दशक बाद राजनीति में
लौटे हैं। उन्होंने 2008 में राजनीति से दूरी बनाने से पहले कांग्रेस के टिकट पर मुंबई
उत्तर लोकसभा सीट से 2004 का चुनावी मुकाबला जीता था।