
वतन वापसी पर Vinesh Phogat का हुआ जोरदार स्वागत
दिल्ली से अपने पैतृक गांव बलाली तक के रास्ते में विनेश को उनके समर्थकों और खापपंचायतों
ने सम्मानित किया। उन्हें 135 किलोमीटर की दूरी पूरी करने में लगभग 13 घंटे का समय लगा।
वह मध्य रात्रि के समय अपने गांव पहुंची। गांव वालों ने उनका पूरा उत्साह के साथ स्वागत किया।
पेरिस से यहां तक के लंबे सफर के कारण विनेश काफी थक गई थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने
अपने प्रशंसकों को संबोधित किया।विनेश ने कहा, ‘‘हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई है। लड़ाई जारी
रहेगी और मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि सच्चाई की जीत होगी।’’ विनेश और उनके साथी
ओलंपियन बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न को
लेकर डब्ल्यूएफआई और उसके पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक साल से अधिक
समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विनेश सहित छह पहलवान पिछले साल डब्ल्यूएफआई के
पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे थे। विनेश ने
यह भी कहा कि उनका जिस तरह से शानदार स्वागत किया गया उससे उन्हें आगे बढ़ने
की प्रेरणा मिली है।