
हिंदुत्व विचारधारा की जन्मस्थली अयोध्या की नींव हिला देंगे
आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख पन्नू ने जारी एक वीडियो
में कहा कि 16 और 17 नवंबर को अयोध्या के राम मंदिर में हिंसा होगी। कहा जा रहा
है कि पन्नू ने यह वीडियो कनाडा के ब्रैम्पटन में रिकॉर्ड किया है। वीडियो में राम
मंदिर और कई अन्य हिंदू धार्मिक स्थलों के खिलाफ हिंसा भड़काने की भी धमकी
दी गई है। पन्नू ने वीडियो में आगे कहा कि हम हिंदुत्व विचारधारा की जन्मस्थली
अयोध्या की नींव हिला देंगे। पन्नू की इस धमकी को भारत के सबसे पवित्र स्थानों
में से एक (राम मंदिर) पर सीधी धमकी माना जा रहा है। पन्नू के वीडियो में पीएम
मोदी की अयोध्या राम मंदिर में प्रार्थना करते हुए तस्वीरें भी दिखाई दे रही हैं।
खालिस्तानी आतंकवादी ने कनाडा में रहने वाले भारतीयों को हिंदू मंदिरों पर
खालिस्तानी हमलों से दूर रहने की भी धमकी दी है।भारत से फरार भगोड़ा पन्नू
लगातार भारत के खिलाफ जहर उगलता रहता है। यह कनाडा में भारतीय राजनयिकों
के खिलाफ हिंसा करने के लिए खालिस्तानियों को उकसाता रहता है। इससे पहले
खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने भारत को धमकी देते हुए प्लेन उड़ाने की बात कही थी।
पन्नू ने कहा था कि सिख दंगों के 40 साल पूरे होने पर एअर इंडिया की फ्लाइट पर
हमला हो सकता है। पन्नू ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 1 से 19 नवंबर तक एअर
इंडिया में उड़ान न भरने की चेतावनी दी थी।