
बस्तर से शुरू होगा चुनावी समर
प्रदेश में लोकसभा का चुनाव तीन चरणों में होना है। दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों का सबसे
पहले बस्तर पर फोकस रहेगा, क्योंकि पहले चरण में एकमात्र सीट बस्तर में ही चुनाव
होना है। ऐसे में सबसे पहले बस्तर से ही चुनावी सभाओं का शुभारंभ होगा।
भाजपा के सभी तो कांग्रेस के छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित
भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर तीन
चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा। भाजपा लोकसभा की
सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। वहीं, कांग्रेस की ओर से छह सीटों
पर उम्मीदवार तय किए गए हैं।
हर विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी भाजपा
लोगों तक पहुंचने के लिए भाजपा प्रदेश संगठन प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन
कराने में जुटा हुआ है। बस्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा या केंद्रीय मंत्री अमित शाह की
सभा कराने की तैयारी है। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी हर क्लस्टर में
एक-एक सभा कराने की रणनीति बनाई गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री की
प्रदेश में अलग-अलग सभाएं हुई थी। भाजपा की ओर से जल्द ही स्टार प्रचारकों की सूची
जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
होली बाद गाढ़ा होगा चुनावी रंग पीएम मोदी समेत ये नेता करेंगे रैली
प्रदेश संगठन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हर विधानसभा में सभा कराने की रणनीति तैयार की है,
जिसका शुभारंभ बस्तर से होना तय माना जा रहा है। प्रदेश में अंतिम मतदान सात मई को होगा। ऐसे
में करीब 50 दिनों का समय है। एक दिन में दो से तीन विधानसभाओं में मुख्यमंत्री की सभाएं कराने
का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश के मंत्रियों रामविचार
नेताम, ओपी चौधरी, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल समेत अन्य मंत्रियों, विधायकों
और वरिष्ठ नेताओं की सभाएं भी होंगी। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद भाजपा सक्रिय हो गई है।