
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के महसी में माहौल
बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके
खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि
प्रतिमा विसर्जन का कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहना चाहिए और धार्मिक
संगठनों से संवाद कर समय पर प्रतिमा विसर्जन कराया जाए। उन्होंने जनता को
सुरक्षा की गारंटी देते हुए प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर
मौजदूगी सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिनकी
लापरवाही से इस प्रकार की घटना घटित हुई, उनकी पहचान की जाए और उनके
खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। हम आपको बता दें कि रविवार को हुई सांप्रदायिक
हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा
करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है। बहराइच की पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला
ने संवाददाताओं को बताया, “महसी तहसील के अंतर्गत महाराजगंज इलाके में
तनाव था। जब एक जुलूस मुस्लिम बहुल इलाके से गुजर रहा था तभी दूसरे समुदाय
के एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद, पुलिस ने करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है। अशांति प्रभावित
सभी क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।” उन्होंने कहा कि
इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, और हिंसा प्रभावित इलाकों के
सीसीटीवी फुटेज देख कर अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है, और उनके
खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वृंदा शुक्ला ने कहा, “घटना के सिलसिले में
सलमान नामक एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।