
इन सब सवालों के जवाब तलाशने के लिए हमने जब चुनाव परिणाम के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई तो
कुछ चीजें उभर कर आईं जोकि दर्शाती हैं कि पांच साल तक मोदी की तीसरी सरकार को कोई खतरा
नहीं होगा। दरअसल जनता ने किसी दल को स्पष्ट बहुमत भले नहीं दिया है लेकिन इस बात का
इंतजाम भी कर दिया है कि देश मध्यावधि चुनाव में नहीं जाये। अपनी बात को साबित करने के लिए
जरा आपको कुछ आंकड़े बताते हैं। सबसे पहले जान लीजिये कि सरकार बनाने के लिए 272 का
आंकड़ा होना बहुत जरूरी है। एनडीए को अभी 293 सीटें मिली हैं यानि कि बहुमत से 23 सीटें एनडीए
के पास ज्यादा हैं। अब मान लीजिये कि अगर नीतीश कुमार का जनता दल युनाइटेड जिसने 12 सीटें
जीती हैं और चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी जिसने 16 सीटें जीती हैं वह एनडीए से बाहर हो जाते हैं। ऐसे में
एनडीए का आंकड़ा घट कर 265 पर आ जायेगा जोकि बहुमत से 7 कम है। लेकिन अगर हम अन्य
पार्टियों और निर्दलीयों के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो साफ प्रतीत होता है कि सात नंबर का भाजपा
आसानी से जुगाड़ कर लेगी और इस तरह नीतीश और चंद्रबाबू के जाने से मोदी सरकार की सेहत पर
कोई खास असर नहीं पड़ेगा। चंद्रबाबू अगर एनडीए से बाहर होते हैं तो वाईएसआर कांग्रेस के जगनमोहन
रेड्डी अपने चार सांसदों का समर्थन दे सकते हैं। जगन मोहन ने पिछली लोकसभा में भी मुद्दों के आधार
पर तथा विभिन्न विधेयकों को पारित कराने के दौरान मोदी सरकार का समर्थन किया था।आइये एक
नजर डालते हैं एनडीए और इंडिया गठबंधन के आंकड़ों पर और साथ ही जानते हैं कि अन्य दलों के कहां
जाने की संभावनाएं हैं। साथ ही जानते हैं कि निर्दलीय सांसद किस गठबंधन में जा सकते हैं।