
Delhi में ड्रग्स की सबसे बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया Congress नेता
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पीएस कुशवाह ने बताया है कि वसंत
विहार के पॉश इलाके में रहने वाला गोयल इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के लिए
भारत में मादक पदार्थों का प्रमुख वितरक है। उन्होंने बताया कि अन्य तीन
उसके सहयोगी हैं। कुशवाह ने बताया कि तुषार गोयल से 15 किलोग्राम
कोकीन की खेप लेने जैन दिल्ली आया था, तभी एक अक्टूबर को
महिपालपुर में एक गोदाम के बाहर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि गोदाम में प्रतिबंधित मादक पदार्थ के 22 कार्टन
मिले, जिनमें 547 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम से अधिक
‘हाइड्रोपोनिक मारिजुआना’ था। कुशवाह ने कहा, ‘‘यह दिल्ली में अब तक
की सबसे बड़ी बरामदगी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोकीन
की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम है और ‘हाइड्रोपोनिक
मारिजुआना’ की कीमत 50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है।’’उन्होंने कहा कि
जब्त किये गए मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 5,620 करोड़ रुपये
है। अधिकारी ने कहा कि ‘हाइड्रोपोनिक मारिजुआना’ का स्रोत थाईलैंड का फुकेत
है। उन्होंने कहा कि इसे हवाई मार्ग से भारत लाया गया था, जबकि कोकीन की
खेप पश्चिम एशियाई देशों और भारत के राज्यों से एकत्र किए जाने का संदेह है।
अधिकारियों ने कहा कि गोयल के दुबई और पश्चिम एशियाई देशों से संबंध
होने का संदेह है।