
IPL 2024 की चैंपियन बनी कोलकाता नाइट राइडर्स
इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर (तीन विकेट पर 287 रन) बनाने वाली सनराइजर्स
हैदराबाद फाइनल में लड़खड़ा गयी और टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के बाद 18.3
ओवर में महज 113 रन पर ढेर हो गयी। यह आईपीएल फाइनल का सबसे कम स्कोर
भी रहा। इस सत्र में शुरू से दबदबा बनाने वाले केकेआर के लिए यह लक्ष्य बनाना
महज औपचारिकता थी, उसने वेंकटेश अय्यर (नाबाद 52 रन) और रहमनुल्लाह
गुरबाज (39 रन) की मदद से यह स्कोर 10.3 ओवर में दो विकेट पर 114 रन बनाकर
हासिल कर लिया। वेंकटेश अय्यर ने 26 गेंद में चार चौके और तीन छक्के लगाये जबकि
गुरबाज ने 32 गेंद में पांच चौके और दो छक्के जड़े। गुरबाज ने स्टंप के पीछे तीन शानदार
कैच भी लपके। वह अपनी बीमार मां को देखने के लिए टूर्नामेंट के बीच में काबुल भी गये
थे। कप्तान के तौर पर यह श्रेयस अय्यर का दूसरा फाइनल था, उन्होंने तीन गेंद में नाबाद
06 रन बनाये। केकेआर की जीत के नायक रहे उसके गेंदबाज जिसमें मिचेल स्टार्क
नीलामी में मिली रिकॉर्ड राशि को सही साबित करते हुए तीन ओवर में 14 रन देकर दो
विकेट चटकाये। आंद्रे रसेल ने मध्य के ओवरों में शिकंजा कसा और 2.3 ओवर में 19 रन
देकर तीन विकेट झटके। हर्षित राणा ने चार ओवर में एक मेडन से 24 रन देकर दो विकेट
हासिल किये। केकेआर की शानदार गेंदबाजी के सामने सनराइजर्स हैदराबाद का कोई भी
बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।