
Jitan Ram Manjhi ने केंद्रीय मंत्रिमंडल छोड़ने की धमकी दी
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कुछ लोग कह सकते हैं कि मैं राजग से लड़ रहा हूं। लेकिन, प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व ऐसा है कि विद्रोह का कोई सवाल ही नहीं है। मैं एक दलील दे रहा हूं,
टकराव में शामिल नहीं हूं”। हम आपको बता दें कि मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा
के 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में चार विधायक हैं और वह अपने दल के अकेले सांसद
हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वह इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के लिए “40 सीटें” चाहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर हमारी
पार्टी 20 सीटें भी जीतती है, तो हम अपनी मांगें पूरी करवा पाएंगे।” उन्होंने कहा कि वह किसी
व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का पीछा नहीं कर रहे हैं, बल्कि “भुइयां-मुसहर” के लिए बेहतर सौदे
पर नजर रख रहे हैं, जो एक दलित समुदाय है जिससे वह आते हैं। मांझी ने बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के बारे में कहा कि इसने “कई अच्छे काम किए हैं” लेकिन
मुख्यमंत्री के रूप में अपने एक साल से भी कम समय के कार्यकाल के दौरान उन्होंने दलित वर्गों
से जो वादे किए थे, वे अभी भी पूरे नहीं हुए हैं। हम आपको बता दें कि नीतीश सरकार में मांझी के
बेटे संतोष सुमन मंत्री हैं। हाल के दिनों में यह दूसरा मौका है, जब मांझी ने राजग से अपनी
नाराजगी सार्वजनिक रूप से जताई है। उन्होंने रविवार को जहानाबाद में कहा था कि दिल्ली
और झारखंड में उनकी पार्टी को “धोखा” दिया गया।