
PM Modi बोले- वह समय दूर नहीं जब भारत में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी
मोदी ने कहा कि हमने देखा है, पिछला एक दशक भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक परिवर्तनों का रहा है।
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में एक दृश्यमान परिवर्तन आया है। इससे देश की छवि बदली है और देशवासियों
का मनोबल भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत में रेलवे के विकास को हम चार पैरामीटर्स पर आगे बढ़ा
रहे हैं। रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण, रेलवे के यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, रेलवे की
देश के कोने-कोने में कनेक्टिविटी, रेलवे से रोजगार का निर्माण और उद्योगों को सपोर्ट शामिल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में रेल कनेक्टिविटी का भी अद्भुत विस्तार हुआ है। 2014 तक
देश में सिर्फ 35 प्रतिशत रेल लाइनों का विद्युतीकरण हुआ था। आज भारत, रेल लाइनों के
शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के करीब है। हमने रेलवे की पहुंच को भी लगातार बढ़ावा दिया है।
बीते 10 वर्षों में 30 हजार किमी. से ज्यादा नए रेलवे ट्रैक बिछाए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोग
कम समय में लंबी दूरी की यात्रा करना चाहते हैं, इसलिए हमने देश भर में हाई-स्पीड ट्रेनों की
भारी मांग देखी है। आज 50 से ज्यादा रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। 136 वंदे भारत सेवाएं
लोगों के सफर को आरामदायक बना रही हैं। मोदी ने कहा कि हमारा जम्मू-कश्मीर आज रेल
इंफ्रास्ट्रक्चर में नए रिकॉर्ड बना रहा है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन की चर्चा आज पूरे
देश में है। ये परियोजना जम्मू-कश्मीर को देश के और हिस्सों के साथ और बेहतरी से जोड़ेगी।
इसी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे उंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब का काम पूरा हुआ है।
मोदी ने कहा कि हाईस्पीड ट्रेन की मांग बढ़ रही है, वह समय दूर नहीं जब भारत में पहली
बुलेट ट्रेन दौड़ेगी।