
PM Modi ने नागपुर में माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला रखी
इससे पहले पीएम मोदी ने आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार और दूसरे
सरसंघचालक (प्रमुख) एम एस गोलवलकर को समर्पित स्मारकों पर पुष्पांजलि भी
अर्पित की। इसी के साथ उन्होंने हेडगेवार स्मृति मंदिर में एक नोट लिखा। पीएम ने
हिंदी में लिखे अपने नोट में लिखा, ‘मैं पूज्य डॉ. हेडगेवार जी और आदरणीय गुरुजी
को अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी यादों को संजोए इस स्मारक मंदिर
में आकर मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं।’पीएम ने आगे लिखा, ‘भारतीय संस्कृति,
राष्ट्रवाद और संगठन के मूल्यों को समर्पित यह पवित्र स्थान हमें राष्ट्र की सेवा में आगे
बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस स्थान से जुड़े सभी महानुभावों का समर्पण और कड़ी
मेहनत राष्ट्र की सेवा के लिए प्रतिबद्ध लाखों स्वयंसेवकों के लिए ऊर्जा का स्रोत है।
हमारे प्रयासों से भारत माता की महिमा चमकती रहे।’प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने
नागपुर में दीक्षाभूमि का दौरा किया और डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित
की। दीक्षाभूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 1956 में अपने अनुयायियों के साथ
बौद्ध धर्म अपनाया था। नागपुर स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक
संघ (आरएसएस) के संस्थापकों को श्रद्धांजलि देने के बाद मोदी दीक्षाभूमि पहुंचे।
इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन
गडकरी भी मौजूद थे।