
PM Modi ने 38वें राष्ट्रीय खेलों का किया उद्घाटन
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देवभूमि आज युवा ऊर्जा से
और दिव्य हो उठी है। बाबा केदार, बद्रीनाथ जी, मां गंगा के शुभाशीष के साथ आज
नेशनल गेम्स शुरू हो रहे हैं। ये वर्ष उत्तराखंड के निर्माण का 25वां वर्ष है। इस युवा
राज्य में देश के कोने-कोने से आए हजारों युवा अपना सामर्थ्य दिखाने वाले हैं। उन्होंने
कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बहुत सुंदर तस्वीर यहां दिख रही है। नेशनल
गेम्स में इस बार भी कई देशी और पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इस
बार के नेशनल गेम्स एक प्रकार से ग्रीन गेम्स भी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि
देश में खेलों का एक खूबसूरत गुलदस्ता तैयार हो रहा है जिसमें हर मौसम में फूल
खिलते हैं, लगातार टूर्नामेंट होते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई देश खेल में आगे
बढता है तो देश की साख भी बढती है और प्रोफाइल भी बढता है। उन्होंने कहा कि
हॉकी में पुराने गौरवशाली दिन वापिस लौट रहे हैं , हमारी खो-खो टीम ने विश्व कप
जीता है, गुकेश ने विश्व शतरंज चैम्पियनशिप जीती जिससे दुनिया हैरान रह गई।
उन्होंने कहा कि मैं इस राष्ट्रीय खेल के आयोजन के लिए सीएम धामी और उत्तराखंड
के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। हम अपने एथलीटों के लिए अवसर पैदा कर रहे हैं
ताकि वे अपने कौशल में सुधार कर सकें। खेला इंडिया यूथ गेम्स के कारण युवा
एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिले हैं। मोदी ने कहा कि आज
देश में कई टूर्नामेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया सीरिज में कई सारे
नए टूर्नामेंट्स जोड़े गए हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की वजह से यंग प्लेयर्स को आगे
बढ़ने का मौका मिला है। यूनिवर्सिटी गेम्स, यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को नए अवसर
दे रहे हैं।