
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है।
अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्रनिर्माण का विजन।
कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की
कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणा
पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस
के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इसका जो कुछ हिस्सा बचा रह
गया, उसमें वामपंथी पूरी तरह हावी हो चुके हैं। कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है।
‘सपा को हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं’
पीएम मोदी ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घंटे अपने उम्मीदवार
बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही
नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार
उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी विपक्षी गठबंधन अस्थिरता और
अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी
बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
‘हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं’
पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं।
वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला
ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष
केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है, ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा
सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें।
‘ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है।
पिछले 10 साल से हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है।
किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकार संवेदनशील है। आज देश में छोटे
किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है। अकेले यहां सहारनपुर में
ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं।
‘इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं – Vocal for Local’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है। हर किसी
के लिए नए अवसर बना रही है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और यहां के लोगों के
कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। इसलिए योगी जी हों या मोदी, हमें आपका ध्यान है।
इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं – Vocal for Local’
UP में दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर रिलीज
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को एक मजबूत देश बनाना भाजपा की प्रतिबद्धता है।
यानी जैसी भाजपा की नीयत है, जैसी निष्ठा है, नीतियां भी वैसी ही बनती हैं।
इसीलिए आज हर हिंदुस्तानी अनुभव से कह रहा है – नीयत सही, तो नतीजे सही।