
नई दिल्ली। Admiral Dinesh K Tripathi: एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने
मंगलवार (30 अप्रैल, 2024) को देश के 26वें नेवी चीफ का प्रभार संभाला है। वह आर
हरि कुमार के रिटायर (चार दशकों के शानदार करियर के बाद) होने पर नए नौसेना प्रमुख
बने हैं। एडमिरल त्रिपाठी इस जिम्मेदारी से पहले नौसेना के उपप्रमुख थे।संचार और
इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने अपने पूर्ववर्ती एडमिरल आर.
हरि कुमार की सेवानिवृत्ति के बाद मंगलवार को नौसेना स्टाफ के 26वें प्रमुख के रूप में
पदभार संभाला। इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश के दो जिले रीवा और सतना गौरवान्वित है।
इनका जन्म सतना जिले के रामपुर बाघेलान के महुडर गांव में हुई थी। जानिए कौन
हैं देश के 26वें नेवी चीफ?
1964 में जन्मे त्रिपाठी बने भारतीय नौसेना के 26 वें प्रमुख
एडमिरल कुमार त्रिपाठी का 15 मई 1964 को जन्म हुआ था। दिनेश कुमार त्रिपाठी
सैनिक स्कूल रीवा के छात्र रहे हैं। 1 जुलाई, 1985 को वह भारतीय नौसेना में शामिल
हुए थे। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ एडमिरल त्रिपाठी का करीब 40 वर्ष का
लंबा करियर रहा है। एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी को अपने गांव से बेहद प्यार है
और समय-समय पर वे यहां आते रहते हैं।
रीवा के सैनिक स्कूल से की पढ़ाई
दिनेश कुमार त्रिपाठी के पिता (स्व.) मुनि प्रसाद तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कंपाउंडर
थे। इनकी मां रजनी तिवारी गृहणी हैं और अभी अपने बेटे के साथ ही रहती हैं। तीन
भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े दिनेश कुमार त्रिपाठी की पांचवीं तक की शिक्षा
गांव के सरकारी स्कूल में ही हुई। साल 1973 में उन्हें रीवा के सैनिक स्कूल में दाखिला
मिला। साल 1981 में यहां से निकले तो राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडगवासला,
पुणे (महाराष्ट्र) में प्रवेश लिया।
1985 को नौसेना में हुए शामिल
एडमिरल दिनेश त्रिपाठी एक जुलाई 1985 को नौसेना में शामिल हुए थे। दिनेश
त्रिपाठी संचार एवं इलेक्ट्रानिक युद्ध विशेषज्ञ हैं और उन्होंने सिग्नल कम्युनिकेशन
ऑफिसर एंड इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर आफिसर के रूप में नौसेना के अग्रिम युद्धपोतों
पर काम किया है। एडमिरल को उल्लेखनीय और सराहनीय काम के लिए अति विशिष्ट
सेवा पदक और नौसेना पदक से नवाजा जा चुका है।
देश के 26वें नेवी चीफ का संभाला प्रभार
एडमिरल ने आइएनएस विनाश, किर्च और त्रिशूल की कमान भी संभाली है।
उन्होंने वेस्टर्न नेवल कमांड में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ का पदभार
संभाला था। इसके अलावा एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने मुंबई में नौसेना परिचालन के
महानिदेशक, कार्मिक प्रमुख और पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर
कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी कार्य किया है।