
बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री करीना कपूर खान लंबे समय के बाद मंच साझा करते
नजर आए। इस दौरान दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए और बाद में कैमरे पर बातें करते भी
पकड़े गए। करीना और शाहिद ने शनिवार को आईफा के 25वें संस्करण के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस
में मंच साझा किया। आपको बता दें, शाहिद और करीना सप्ताहांत में जयपुर में आयोजित हो रहे आईफा
अवॉर्ड्स में मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में शामिल हैं।शाहिद ने संवाददाताओं से कहा, ‘हम
आईफा पुरस्कार के लिए जयपुर आकर बहुत खुश हैं। इसके 25 साल पूरे हो रहे हैं, इसके लिए बहुत-बहुत
बधाई। हम उत्साहित हैं। हम लोगों के सामने मंच पर प्रस्तुति देना चाहते हैं। हमें उम्मीद है कि हम आप
सभी का मनोरंजन कर पाएंगे।’ करीना के साथ मंच साझा करने पर शाहिद ने कहा, ‘हमारे लिए, यह कोई
नयी बात नहीं है…आज मंच पर मिले और हम लोग इधर-उधर मिलते रहते हैं, लेकिन हमारे लिए यह
बिलकुल सामान्य बात है…अगर लोगों को अच्छा लगता है, तो यह अच्छा है।’करीना ने कहा कि वह
पुरस्कार समारोह में अपनी प्रस्तुति के जरिए अपने दिवंगत दादा और दिग्गज फिल्म निर्माता राज
कपूर को श्रद्धांजलि देने का मौका मिलने से खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘‘‘मैं बहुत उत्साहित हूं। यह मेरे लिए
एक भावुक करने वाला क्षण है। मुझे कल का बेसब्री से इंतजार है।’
लंबे समय बाद एक साथ नजर आए Kareena Kapoor और Shahid Kapoor
36 चाइना टाउन , चुप चुप के , फिदा और जब वी मेट जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके शाहिद और करीना
के बीच 2000 के दशक की शुरुआत में कई साल तक प्रेम संबंध रहे लेकिन 2007 में दोनों अलग हो गए। इसके
बाद उन्होंने 2016 में ‘उड़ता पंजाब’ में काम किया, लेकिन वे फिल्म में एक साथ नजर नहीं आए।आईफा कार्यक्रम
में कार्तिक आर्यन, कृति सनोन, बॉबी देओल, माधुरी दीक्षित और करण जौहर जैसे फिल्मी कलाकार भी मौजूद रहे।
जयदीप अहलावत, विजय वर्मा, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना, निमृत कौर, करिश्मा तन्ना,
नुसरत भरुचा, रवि किशन, श्रेया घोषाल, नोरा फतेही और सचिन-जिगर भी इसमें शामिल हुए। शाहिद और करीना
गले मिलते और बाद में बातचीत करते भी देखे गए। जयपुर में शनिवार से आयोजित दो दिवसीय इस पुरस्कार
समारोह की मेजबानी जौहर और आर्यन करेंगे।