
गोंडा/लखनऊ, 14 मार्चः सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपके एक
वोट ने देश की तकदीर को बदल दिया। पहले आप जिन लोगों को वोट देते
थे, उन्हें राम के नाम से भय होता था। राम का नाम लेने में संकोच होता था।
आपका पर्व-त्योहार आता था तो वे कर्फ्यू लगा देते थे। अराजकता फैलाते थे,
आस्था पर प्रहार करते थे। आपके वोट को आपके खिलाफ प्रयोग करते थे।
सुरक्षा व नौजवानों के रोजगार में सेंध लगाते थे। किसानों की खुशहाली
को रौंदते थे और व्यापारियों के यहां डकैती डलवाते थे पर आज बेटी और
व्यापारी सुरक्षित है। डबल इंजन की सरकार है तो आस्था का सम्मान है।
आज सुबह ही लखनऊ में 100 नौजवानों को नियुक्ति पत्र दिया है। यूपी के
नौजवान नियुक्ति पत्र प्राप्त कर अग्रणी सेवा में जा रहे हैं, क्योंकि सरकार
संवेदनशील तरीके से उनके विकास के लिए कार्य कर रही है।
422 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह थॉमसन इंटर कॉलेज ग्राउंड में 1689.46 करोड़ की 422 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। साथ ही स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का उद्घाटन किया और देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का नाम करने की घोषणा की। सीएम ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक, प्रमाण पत्र आदि वितरित किया।
विकास के लिए मुझसे झगड़ते हैं गोंडा के जनप्रतिनिधिः सीएम
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले गोंडा की स्थिति क्या थी। 2015-16 का सर्वे आया था तो गोंडा सबसे गंदा शहर था, तब मैंने प्रतीक भूषण से कहा था कि जनता ने आशीर्वाद दिया है, विधायक बने हैं तो गोंडा को स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित करो। उन्होंने प्रयास किया, आज गोंडा स्वच्छ हो गया। यहां के जनप्रतिनिधि विकास के लिए बात करने आते हैं। यह लोग मुझे घर का व्यक्ति मानते हैं और गोंडा के विकास के लिए झगड़ा करते हैं। गोंडा और देवीपाटन कमिश्नरी में विकास कार्यों में पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी।