
महाराष्ट्र का विपक्ष महा अनाड़ी गठबंधन है-योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महा विकास
आघाडी (एमवीए)को ‘महा अनाड़ी’ करार दिया। उन्होंने एकता का संदेश देने के लिए छत्रपति शिवाजी
महाराज का हवाला दिया और लोगों को विभाजित रहने के खतरों के प्रति आगाह किया।
योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 20 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के पक्ष में विदर्भ के वासिम में आयोजित चुनावी
जनसभा को संबोधित करते हुए अपना प्रसिद्ध नारा दोहराया और नहीं बंटने की सलाह दी।
योगी आदित्यनाथ ने छत्रपति शिवाजी महाराज को बतायी अपनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने छत्रपति शिवाजी महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि
मराठा साम्राज्य के संस्थापक ने सभी को एक साथ लाने के लिए काम किया। उन्होंने कहा,
‘‘मैं छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा ले रहा हूं और आपसे अपील करता हूं कि आप बंटे नहीं
क्योंकि जब भी हम बंटे, हम कटे हैं।’’ योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं से सत्तारूढ़ ‘महायुति’ के
पक्ष में मतदान करनेऔर ‘महा अनाड़ी’ गठबंधन को हराने का आग्रह किया। ‘महायुति’ गठबंधन
में भारतीय जनता पार्टी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी
कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं जबकि विपक्षी एमवीए में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना
(यूबीटी) और शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं।