
Haryana के BJP कार्यकर्ताओं से PM Modi ने की बात
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो पोलिंग बूथ जीतता है वही चुनाव जीतता है। यह पूरा आधार उन लोगों का झूठ है
जो हमारे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को फिर से एक बार
सेवा करने का मौका देना तय कर लिया है। उनको खुशी है कि 10 साल में बिना भ्रष्टाचार के सरकार
चलाना, ये हरियाणा में पहली बार हुआ है। प्रदेश के युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची के रोजगार मिलना,
ये हरियाणा में पहली बार हुआ है। इसलिए हरियाणा की जनता हमारे साथ है, उनका आशीर्वाद हमारे
साथ है, विजय निश्चित है। मोदी ने कहा कि आज कल तो आप देख रहे हैं, कांग्रेस के लाउडस्पीकर जो
बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, उनका करंट भी कमजोर हो गया है। कोई कह रहा है कि कांग्रेस हर दिन कमजोर
होती जा रही है और पिछले 10 साल में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है। कांग्रेस पर हमला जारी
रखते हुए उन्होंने कहा कि उनका ज्यादातर समय गुटबाजी में, लड़ाई करने में, एक दूसरे का हिसाब चुकता
करने में खप रहा है। जो पार्टी 10 साल तक जनता के विषयों से अलिप्त रही हो, जो अपने परिवार के लिए
जी हो या अपने गुट के लिए जी हो… ऐसे लोग हरियाणा की जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि जो हमारे खिलाफ चुनाव के मैदान में हैं, उनका पूरा का पूरा आधार
झूठ का है। लगातार झूठ बोलो, बार-बार झूठ बोलो, जहां जाओ झूठ बोलो, बिना सिर पैर की बातें करो
और ऐसे ही हवा खराब करते रहो।