
प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क के खास कार्यक्रम शौर्य पथ में इस सप्ताह हमने ब्रिगेडियर श्री डीएस
त्रिपाठी जी (सेवानिवृत्त) से जानना चाहा कि नेपाल में राजशाही के समर्थन में जिस प्रकार की
भीड़ सड़कों पर उमड़ रही है उससे क्या संदेश मिल रहे हैं? क्या भारत के अन्य पड़ोसी देशों की
तरह नेपाल में भी सरकार अस्थिर हो सकती है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि नेपाल के
81.3 प्रतिशत नागरिक सनातन हिन्दू धर्म को मानते हैं इसलिए वह हिंदू राष्ट्र है ही। उन्होंने
कहा कि भले वहां की सरकार ने देश का नया संविधान बनने के बाद हिंदू राष्ट्र टाइटल हटा दिया
था लेकिन नेपाल पूरे विश्व में प्रतिशत के आधार पर सबसे बड़ा हिन्दू धर्मावलम्बी राष्ट्र है।
उन्होंने कहा कि नेपाल मार्च 2006 तक एक हिंदू राष्ट्र ही था और नेपाल में आज भी 80 प्रतिशत
से अधिक आबादी हिंदुओं की ही है। परंतु, नेपाल में चीन की शह पर माओवादी आंदोलन की
सफलता के बाद राजनैतिक उठापटक के चलते नवम्बर 2006 में माओवादी और सात अन्य
राजनैतिक दलों के गठबंधन के बीच एक ऐतिहासिक व्यापक शांति समझौता हुआ था, जिसके
परिणाम स्वरूप नेपाल में अंतरिम सरकार बनी थी और वर्ष 2006 में नेपाल में 240 वर्षों की
राजशाही को समाप्त करते हुए एक अंतरिम संविधान लागू किया गया था जिसके अंतर्गत नेपाल
के हिंदू राष्ट्र के दर्जे को समाप्त करते हुए इसे एक धर्मनिरपेक्ष देश घोषित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि नेपाल में जिस तरह से 16 सालों में 13 सरकारें बनीं और अब भी वहां राजनीतिक
अस्थिरता बनी हुई है उसको देखते हुए लोग निर्वाचित सरकारों से निराश हो चुके हैं।
ब्रिगेडियर श्री डीएस त्रिपाठी जी (सेवानिवृत्त) ने कहा कि नेपाल में अब राजतंत्र की वापसी की मांग
लगातार जोर पकड़ती जा रही है। इसके लिए बाकायदा जोरदार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। नेपाल में
राजनीतिक दलों का भी अब कहना है कि देश में लोकतंत्र की रक्षा तथा राजनीतिक स्थिरता के लिए
संवैधानिक राजशाही तथा हिंदू राष्ट्र की बहाली के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि नेपाल
की राजनीति वहां की वामपंथी विचारधारा वाले दलों एवं अन्य दलों के इर्द गिर्द घूमती रहती है।
उन्होंने कहा कि वामपंथी विचारधारा वाले दलों को चीन से जबरदस्त समर्थन प्राप्त होता है और जब
भी वामपंथी विचारधारा वाले दलों को नेपाल में बहुमत प्राप्त होता है तो वे राजशाही को समाप्त कर
नेपाल को एक धर्मनिरपेक्ष देश बनाए रखने की बात करते रहते हैं।