
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि आने
वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को कभी नहीं भूलेंगी। प्रधानमंत्री
ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “2019 में पुलवामा में हमने जिन साहसी नायकों को खोया, उन्हें
श्रद्धांजलि। आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को कभी नहीं
भूलेंगी।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शाह ने कहा कि
नरेन्द्र मोदी सरकार आतंकवादियों के समूल नाश के लिए कृतसंकल्पित है तथा सरकार ने आतंकवाद
को ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति अपनाई है। गृह मंत्री ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे
बड़ा दुश्मन है और पूरा विश्व इसके खिलाफ एकजुट है। शाह ने कहा, ”चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या
एयर स्ट्राइक, मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के साथ
उनके समूल नाश के लिए प्रतिबद्ध है।’’हम आपको याद दिला दें कि छह साल पहले आज ही के दिन
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हमारे सीआरपीएफ के जवानों को ले जा रही बस को निशाना बनाकर
जो विस्फोट किया गया था उससे समूचा भारत दहल उठा था लेकिन भारत ने जिस तरह पुलवामा
के शहीदों का बदला लिया था उससे पूरी दुनिया में संदेश गया था कि ये नया भारत है जो दुश्मन के
घर में घुस कर उसे मारता है। दुनिया को यह संदेश चला गया था कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है
लेकिन यदि कोई उसे छेड़े तो वह उसे छोड़ता नहीं है। वैसे देखा जाये तो पुलवामा हमले का बदला
भारत ले चुका है लेकिन सीआरपीएफ की बस पर जो हमला हुआ था उसका दर्द आज भी बना हुआ
है। देश नम आंखों से पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है।