
चंडीगढ़। हरियाणा की अंबाला सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार और पूर्व
केंद्रीय मंत्री रत्न लाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया का भले ही यह पहला लोकसभा चुनाव
हो लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी की डबल इंजन सरकार द्वारा किया गया काम और उनके
पति की विरासत चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करेगी। लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीट
जीतने के भाजपा के लक्ष्य के संदर्भ में बंतो कटारिया ने कहा, इस बार 400 पार होगा। लोगों ने
मन बना लिया है कि (नरेन्द्र) मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। बंतो ने कहा कि वह
अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से कह रही हैं कि इन 400 पार सीट में से एक सीट अंबाला की
होनी चाहिए। भाजपा उम्मीदवार ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार से हरियाणा को बहुत
फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास परियोजनाओं और योजनाओं के कार्यान्वयन
की गति में तेजी आई है। बंतो ने कहा कि पिछले 10 वर्ष के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व
में देश ने कृषि और बुनियादी ढांचा सहित अन्य क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। बंतो कटारिया ने संसद
में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का हवाला देते हुए
कहा, मोदी सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी कई कदम उठाए है और इस पर केंद्र
सरकार ने मुख्य रूप से ध्यान दिया है।
हरियाणा के अंबाला से BJP प्रत्याशी Banto Kataria ने कहा
उन्होंने कहा, केवल भाजपा में ही एक सामान्य कार्यकर्ता शीर्ष पद पर पहुंच सकता है। बंतो कटारिया ने
दावा किया कि 2019 आम चुनावों की तरह भाजपा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल
करेगी। हरियाणा में 25 मई को मतदान होना है। बंतो कटारिया ने स्वीकार किया कि उन्हें जनता का जो
‘‘अपार समर्थन’’ मिल रहा है, उसका एक कारण उनके पति द्वारा छोड़ी गई विरासत है। उन्होंने कहा,
जनता कटारिया जी को बहुत प्यार करती थी। वह (रत्न लाल कटारिया) हमेशा लोगों से कहते थे कि
उनके घर के दरवाजे सभी के लिए हमेशा खुले हैं। वह जनता की आवाज और उनसे जुड़े मुद्दों को संसद
में उठाते थे और क्षेत्र के विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे। भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि उनके
पति का सपना अंबाला को उत्तर भारत में नंबर एक शहर बनाने का था।